राष्ट्रीय मंच पर चमका आधारशिला स्कूल, शिक्षिकाएँ पूजा एवं शीतल हुईं सम्मानित
राष्ट्रीय मंच पर चमका आधारशिला स्कूल, शिक्षिकाएँ पूजा एवं शीतल हुईं सम्मानित ■ हिंदी दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय भाषा उत्सव ‘हिंदी है हम’ में मिला प्रतिष्ठित सम्मान आधारशिला स्कूल के लिए हिंदी दिवस का अवसर उस समय विशेष गौरवपूर्ण बन गया, जब स्कूल की शिक्षिकाएँ सुश्री पूजा एवं सुश्री शीतल को शिक्षा एवं हिंदी भाषा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 14 सितम्बर 2026 को पी.एच.डी. चेंबर ऑफ कॉमर्स, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय भाषा उत्सव ‘हिंदी है हम’ के दौरान प्रदान किया गया। समारोह का आयोजन मधुबन एजुकेशनल बुक्स एवं हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, भाषाविदों, लेखकों एवं विद्वानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा, साहित्य एवं भारतीय संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण पर विचार साझा किए गए। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित योगदान के लिए आधारशिला स्कूल की शिक्षिकाओं पूजा एवं शीतल को मिला यह सम्मान विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि रहा। इस उपलब्धि पर आधारशिला स्कूल प्रबंधन, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने दोनों शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान न केवल दोनों शिक्षिकाओं की मेहनत, लगन एवं हिंदी भाषा के प्रति समर्पण का सम्मान है, बल्कि पूरे आधारशिला परिवार के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देगी।

